KGMU Doctors ने दी चेतावनी, ‘स्क्रीन टाइम की लत दिल और दिमाग के लिए घातक’, दिए health tips
लखनऊ केजीएमयू के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. सूर्यकांत ने स्वास्थ्य जागरूकता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि मोबाइल और कंप्यूटर का अत्यधिक इस्तेमाल सेहत के लिए नुकसानदेह है। उन्होंने विशेष रूप से रील्स की लत को घातक बताया, जो दिल और दिमाग दोनों को प्रभावित करती है। डॉ. सूर्यकांत ने अच्छी सेहत के लिए स्क्रीन टाइम घटाने और खेलकूद व कसरत का समय बढ़ाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि स्क्रीन के साथ-साथ आरामतलबी, व्यायाम की कमी और फास्ट फूड का सेवन भी खराब स्वास्थ्य के लिए जिम्मेदार है।
डॉक्टरों ने बताया कि पारंपरिक भारतीय थाली स्वास्थ्य के गुणों से भरपूर होती है। उन्होंने गर्मी के मौसम में डिहाइड्रेशन से बचने के लिए खीरा, खरबूज, तरबूज जैसे फलों का सेवन अधिक करने की सलाह दी। कोल्डड्रिंक और जूस के स्थान पर मौसमी फल और देशी पेय जैसे कि मठ्ठा, लस्सी, शिकांजी, नारियल पानी, बेल का शरबत और गन्ने का रस पीने की सलाह दी गई। सत्तू का सेवन भी लाभकारी बताया गया।
केजीएमयू कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानन्द ने कहा कि विज्ञान का उपयोग स्वास्थ्य जनजागरूकता के लिए होना चाहिए। उन्होंने प्रतिदिन स्क्रीन टाइम को घटाने और एक घंटा खेल-कूद व व्यायाम को बढ़ाने की अपील की। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली के लिए कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अमल करने की सलाह दी, जिनमें अधिकाधिक पौध रोपण करना, धूम्रपान, तंबाकू और नशीले पदार्थों से दूर रहना, सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करना, पैदल चलना और साइकिल चलाना शामिल है। उन्होंने प्लास्टिक का उपयोग न करने और भोजन बनाने के लिए स्वच्छ ईंधन का उपयोग करने पर भी जोर दिया।
