UP Police Exam: दरोगा भर्ती परीक्षा के पहले दिन 35% अभ्यर्थी अनुपस्थित
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित दरोगा भर्ती परीक्षा के पहले दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहले दिन दोनों पालियों में लगभग 35 प्रतिशत उम्मीदवार अनुपस्थित रहे। कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई, और किसी भी केंद्र पर कोई फर्जी अभ्यर्थी (मुन्नाभाई) नहीं पकड़ा गया।
परीक्षा के लिए कुल 23,520 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, लेकिन केवल 15,315 अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए। कुल 8,205 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में 11,760 में से 7,598 अभ्यर्थी उपस्थित थे, जबकि दूसरी पाली में 11,760 में से 7,717 अभ्यर्थी शामिल हुए।
कड़े सुरक्षा इंतजामों से फर्जीवाड़ा रुका
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अधिकारियों के अनुसार, प्रवेश के समय बायोमेट्रिक सत्यापन के साथ-साथ आई स्कैन (आंखों की स्कैनिंग) भी अनिवार्य किया गया था। यह पहली बार था जब फर्जी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए इतने सख्त उपाय किए गए।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि सॉल्वर गैंग पर पूरी तरह शिकंजा कसने के लिए हाईटेक इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए 28 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 28 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 35 अतिरिक्त मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। एसटीएफ, एसओजी और एलआईयू की टीमें भी अलर्ट पर थीं। माना जा रहा है कि इन कड़े सुरक्षा उपायों के कारण ही बड़ी संख्या में फर्जी अभ्यर्थियों ने परीक्षा से दूरी बनाए रखी, जिससे अनुपस्थिति का प्रतिशत बढ़ गया।
