Kanpur Dehat: शादी से लौट रहे तीन युवकों को डंपर ने कुचला, एक की मौत, दो गंभीर घायल
उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में रूरा-शिवली मार्ग पर गहलों के पास शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जुगराजपुर शिवली गांव के रहने वाले तीन युवक आलोक पाल (30), सुमित पाल (30) और अनुराग पाल (35) तिगाई में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात तीनों एक ही बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसका चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर रूरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी रूरा भेजा।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को मेडिकल कॉलेज अकबरपुर रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने जांच के बाद आलोक पाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुमित और अनुराग की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। आलोक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने डंपर को क्रेन की मदद से हटवा दिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
