Sitapur News: बारात जा रहे 3 भाइयों की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर, मौके पर मौत
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। शनिवार देर रात रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक आपस में ममेरे और फुफेरे भाई थे, जो एक साथ अपने चाचा की बारात में शामिल होने के लिए निकले थे। इस घटना के बाद से दोनों गांवों में मातम पसर गया है।
शादी वाले घर में पसरा मातम
मानपुर थाना क्षेत्र के चांदपुर निवासी गोलू (32 वर्ष) अपने ममेरे भाइयों भयापुर कोडरी निवासी कुलदीप (27 वर्ष) और सुजीत (25 वर्ष) के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर बारात में जा रहे थे। उनके सगे चाचा की शादी थी और घर में जश्न का माहौल था। तीनों भाई हंसी-खुशी सज-धज कर घर से निकले थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। जैसे ही उनकी बाइक रामपुर मथुरा के बिसेसर तिराहा के पास पहुंची, सामने से आ रही एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी।
राहगीरों ने पकड़ा ट्रैक्टर चालक
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर काफी दूर जा गिरे। हादसे के बाद चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद राहगीरों ने साहस दिखाते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली का पीछा किया और कुछ दूरी पर चालक को घेराबंदी कर दबोच लिया। सूचना मिलते ही रामपुर मथुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई। बारात की रवानगी के बीच परिवार के तीन युवकों की मौत की खबर ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया गया है और पकड़े गए चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर चालक की लापरवाही सामने आई है। एक साथ तीन मौतों की खबर से चांदपुर और भयापुर कोडरी गांव में मातम पसर गया है।
