UP health news: 9.8 करोड़ बच्चों को कृमि मुक्ति दवा खिलाने का लक्ष्य, 10 फरवरी से शुरू होगा अभियान
उत्तर प्रदेश सरकार बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर प्रदेश के 1 से 19 वर्ष के बच्चों को पेट के कीड़ों से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल दवा खिलाई जाएगी। यह अभियान बच्चों में कुपोषण और एनीमिया (खून की कमी) को दूर करने के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत इस बार 9.8 करोड़ बच्चों को दवा देने का लक्ष्य रखा गया है। यह अभियान साल में दो बार चलाया जाता है, जिसमें फरवरी और अगस्त शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और आईसीडीएस (एकीकृत बाल विकास सेवा) विभाग) मिलकर इस अभियान को सफल बनाने के लिए काम करेंगे।
दवा वितरण के लिए सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों का उपयोग किया जाएगा। जो बच्चे स्कूल नहीं जाते हैं, उन्हें आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से दवा दी जाएगी। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और शिक्षकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि दवा बच्चों को खाली पेट न दी जाए और उनके सामने ही खिलाई जाए।
अभियान के तहत 10 फरवरी को दवा न ले पाने वाले बच्चों के लिए 13 फरवरी को मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा। हालांकि, प्रदेश के 21 जिलों में जहां राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम चल रहा है, वहां कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन नहीं होगा। इन जिलों में बच्चों को एल्बेंडाजोल दवा पहले ही दी जा चुकी है।
