UP electricity news: उत्पादन निगम ने 7 साल का रिकॉर्ड तोड़ा, 81% PLF हासिल कर बनाया कीर्तिमान
उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (UPRVUNL) ने 81 प्रतिशत डीम्ड प्लांट लोड फैक्टर (PLF) हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह प्रदर्शन पिछले सात वर्षों में निगम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। तापीय विद्युत परियोजनाओं के लिए 77 प्रतिशत या उससे अधिक का लोड फैक्टर आदर्श माना जाता है, जिसे निगम ने पार कर लिया है।
आगामी गर्मियों में राज्य में बिजली की अधिकतम मांग 33,000 मेगावाट से अधिक होने की उम्मीद है। ऐसे में उत्पादन निगम का यह प्रदर्शन पावर कॉरपोरेशन के लिए बड़ी राहत है। यह उपलब्धि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों, विशेषकर खाड़ी क्षेत्र में तनाव के कारण गैस आधारित उत्पादन पर अनिश्चितता और संभावित ऊर्जा संकट के बीच और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
उत्पादन इकाइयों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो हरदुआगंज इकाई ने 92.17 प्रतिशत के साथ सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया है, जबकि पारीछा इकाई ने 88.31 प्रतिशत और अनपरा डी ने 88.93 प्रतिशत PLF दर्ज किया है।
इस बीच, विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने अनपरा ई और ओबरा डी परियोजनाओं को पूरी तरह से उत्पादन निगम को वापस सौंपने की मांग की है। समिति का कहना है कि जब उत्पादन इकाइयां अकेले इतना बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं, तो इन इकाइयों को एनटीपीसी के साथ संयुक्त उद्यम (जॉइंट वेंचर) में रखने का कोई औचित्य नहीं है।
