UP development news: योगी सरकार का बड़ा फैसला, विधायकों को 5-5 करोड़ के विकास कार्य कराने के निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के सभी विधायकों और विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्य कराने के लिए 5-5 करोड़ रुपये तक के प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर जमा करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद किया और उन्हें क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए कहा।
यह कदम आगामी लोकसभा चुनाव और मिशन 2027 की तैयारियों के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विधायकों से कहा कि वे अपने क्षेत्र में सड़क निर्माण, पंचायत घर, बारात घर, पुल, नाली-खड़ंजे और वकीलों के लिए कार्यालय जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए प्रस्ताव दें। इन प्रस्तावों को राज्य के बजट में शामिल किया जाएगा और जिलाधिकारियों को जल्द ही जरूरी धनराशि जारी करने के निर्देश दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों को यह भी निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों से संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं को समझें। उन्होंने कहा कि नीतिगत निर्णय से जुड़ी समस्याओं को शासन के संज्ञान में लाया जाए, जबकि अन्य समस्याओं के समाधान के लिए डीएम और कमिश्नर के साथ बैठकें आयोजित की जाएं।
विकास कार्यों के साथ ही मुख्यमंत्री ने विधायकों और एमएलसी से एसआईआर (Special Summary Revision) प्रक्रिया के तहत ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को जोड़ने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के शिलापट्ट पर विधायक के साथ-साथ एमएलसी का नाम भी जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ऐसे क्षेत्रों में भी विकास कार्य कराए जाएं, जहां भाजपा का जनाधार कमजोर है, है ताकि सभी वर्गों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके।
