राम मंदिर चंदा चोरी पर सपा का सवाल, पप्पू यादव के नाटक पर राम गोपाल यादव का बयान
समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने संसद परिसर में पप्पू यादव द्वारा भगवा वस्त्र पहनकर किए गए नुक्कड़ नाटक पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा, ‘वह गलत था, क्योंकि राम मंदिर में चोरी से संतों का कोई वास्ता नहीं है। वो गलत चीज थी, ऐसा नहीं होना चाहिए था। हम राम मंदिर चंदा चोरी का मामला सदन में उठाएंगे। ये गंभीर मामला है।’
राम गोपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि राम मंदिर में हुई कथित चोरी से संतों का कोई लेना-देना नहीं है और यह कृत्य गलत था। उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।
उन्होंने सरकार पर रचनात्मक कार्यों की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारें नरेटिव बनाने और दूसरों पर आरोप लगाने में माहिर हैं। समाधान हर समस्या का होता है, यदि लोग उसे खोजना चाहें। राम मंदिर मामले को उठाने का कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे दुनिया भर के करोड़ों राम भक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है, जिन्होंने मंदिर निर्माण में योगदान दिया है। यह मामला अत्यंत गंभीर है और इसे किसी अन्य मुद्दे से नहीं जोड़ा जा सकता।
इस बीच, संसद परिसर में विपक्षी दलों के इस ‘नाटक’ से साधु-संतों में भारी आक्रोश है। उन्होंने इसे संत परंपरा, भगवान श्रीराम और हिंदू धर्मावलंबियों का उपहास बताया है। वाराणसी में पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर जगतगुरु बालक देवाचार्य की तहरीर पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव और फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
