कानपुर में कोहरे से थमी रफ्तार, 81 ट्रेनें 14 घंटे लेट, Shramshakti Express भी प्रभावित
कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर घने कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। शुक्रवार रात से शुरू हुई धुंध के चलते दिल्ली, हावड़ा और मुंबई रूटों पर चलने वाली 81 ट्रेनें 14 घंटे तक की देरी से पहुंचीं। इस कारण यात्रियों को स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ा। सुबह 6 बजे आने वाली 12452 श्रमशक्ति एक्सप्रेस दोपहर 3 बजे पहुंची, जबकि 12004 स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस भी दोपहर 2 बजे के बाद आई।
ट्रेनों की लेटलतीफी के कारण यात्रियों को भारी असुविधा हुई। कई यात्रियों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी, जिसके चलते 398 टिकट वापस किए गए। वहीं, 19 यात्रियों को कनेक्टिंग रिजर्वेशन के कारण दूसरी ट्रेनों में सफर की छूट दी गई। ट्रेनों के आने पर प्लेटफार्म पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, क्योंकि घंटों से इंतजार कर रहे यात्री जल्दबाजी में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे।
यह लेटलतीफी ऐसे समय में हुई जब माघ मेले के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम प्रयागराज जाने के लिए कानपुर सेंट्रल और गोविंदपुरी स्टेशनों पर पहुंच रहा था। रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी की क्यूआरटी (क्विक रिएक्शन टीम) को टीम) को सक्रिय कर दिया है। वरिष्ठ स्टेशन अधीक्षक अवधेश द्विवेदी ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सात अतिरिक्त रैक रिजर्व में रखे गए हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर रवाना किया जाएगा।
