राज उर्फ मोनू हत्याकांड: छठा आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त बाइक बरामद
लखनऊ पुलिस ने राज उर्फ मोनू हत्याकांड में फरार चल रहे छठे आरोपी सावन निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी सैरपुर पुलिस और डीसीपी उत्तरी की सर्विलांस टीम ने की। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर बाइक भी बरामद कर ली गई है। इससे पहले पुलिस पांच आरोपियों को जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, बीरमपुर निवासी राज 8 अगस्त की रात से लापता था। पिता की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज होने के बाद जांच में पता चला कि विवेक उसे बाइक पर ले गया था। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हत्या का खुलासा किया। राज का विजय और हंसराज से पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते आरोपियों ने बदला लेने की योजना बनाई। 8 अगस्त को अजीत ने राज को समझौते के बहाने बुलाया और विवेक उसे बंसीघड़ी स्थित बाग ले गया। वहां अन्य आरोपी भी मौजूद थे। शराब पीने के बाद विजय ने रस्सी से राज का गला घोंट दिया और बाकी लोगों ने मारपीट की। शव को गोमती नदी में फेंक दिया गया था। पुलिस ने पहले अजीत, अंशु, विवेक, हंसराज और विजय को गिरफ्तार किया था। शनिवार को सावन निषाद को रैथा अंडरपास के पास से पकड़ा गया। इस गिरफ्तारी से मामले को सुलझाने में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है, हालांकि एक अन्य आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।
