दिल्ली के मशहूर फाइव स्टार होटल में भारी गंदगी, FSSAI ने सस्पेंड किया लाइसेंस | delhi news
राजधानी दिल्ली में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों को ताक पर रखने वाले बड़े प्रतिष्ठानों पर शिकंजा कसा जाना शुरू हो गया है। इसी कड़ी में भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने एक बड़े एक्शन के तहत सेवन सीज हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। इस कार्रवाई से शहर के अन्य बड़े होटलों और रेस्तरां संचालकों में भी हड़कंप मच गया है।
अधिकारियों द्वारा होटल परिसर में की गई औचक जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण में पाया गया कि जहां भोजन तैयार किया जा रहा था, वहां भारी गंदगी और जलभराव की स्थिति थी। इसके अलावा टमाटर, पपीता, काजू और गुड़ जैसी खाने की चीजों पर फंगस लगी हुई थी तथा कई जगहों पर कॉकरोच और मक्खियां घूमती पाई गईं। मानकों के विपरीत रखे गए लगभग 74 किलोग्राम से अधिक खराब खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि शाकाहारी और मांसाहारी सामान को बिना किसी उचित अलगाव के एक साथ रखा गया था, साथ ही कोल्ड स्टोरेज से टपकता पानी भी खाद्य पदार्थों को दूषित कर रहा था। इन तमाम गंभीर लापरवाहियों के चलते होटल को मात्र 30 प्रतिशत कंप्लायंस स्कोर मिला, जिसके बाद उसे ‘नॉन-कम्प्लाइंट’ घोषित किया गया। FSSAI के इस सख्त कदम से उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों को कड़ा संदेश मिला है।
