फरहान अख्तर की ‘120 बहादुर’ टैक्स-फ्री हो, ताकि इतिहास को याद करे हर भारतीय
अभिनेता फरहान अख्तर ने अपनी हालिया युद्ध ड्रामा फिल्म ‘120 बहादुर’ के टैक्स-फ्री होने की उम्मीद जताई है, ताकि यह महत्वपूर्ण कहानी बड़े पर्दे पर अधिक दर्शकों तक पहुंच सके। 1962 के भारत-चीन युद्ध पर आधारित यह फिल्म 21 नवंबर को प्रदर्शित हुई थी। फिल्म को गोवा में चल रहे अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) में शुक्रवार को दिखाया गया।
IFFI रेड कार्पेट पर पीटीआई से बात करते हुए अख्तर ने कहा, “मेरा मानना है कि यह फिल्म हर भारतीय के लिए है और हर भारतीय को यह फिल्म देखनी चाहिए ताकि वे अपने अतीत के नायकों को याद कर सकें, क्योंकि हम अक्सर भूल जाते हैं कि हमारे साथ क्या हुआ था।”
‘120 बहादुर’ में फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह की भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म भारत के सैन्य इतिहास के एक निर्णायक दौर में एक रेजिमेंट की बहादुरी की कहानी बताती है, जब 120 बहादुर भारतीय सैनिकों ने 3,000 चीनी सैनिकों का सामना किया था।
अख्तर ने आगे कहा, “रेजंग ला की लड़ाई एक ऐसी कहानी नहीं है जो बहुत ज्यादा जानी जाती है, इसलिए शैतान सिंह जी के बारे में जानने के लिए, उन 120 बहादुरों के बारे में जानने के लिए जिन्होंने उनके साथ लड़ाई लड़ी, मुझे सचमुच लगता है कि इसे टैक्स-फ्री बनाने से कहानी को दूर-दूर तक फैलाने में निश्चित रूप से मदद मिलेगी। यह बहुत अच्छा होगा अगर ऐसा हो।”
फिल्म का निर्देशन रजनीश घई ने किया है। ‘120 बहादुर’ में फरहान अख्तर, राशि खन्ना, अंकित सिवाच, विवान भटेना और अजिंक्य देव महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। इसका निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट और ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज के बैनर तले किया है।
