आगरा में NRI महिला से लाखों की लूट, शादी से लौटते वक्त हाईवे पर निशाना
आगरा में ट्रांस यमुना क्षेत्र के झरना नाले के पास गुरुवार शाम को लूट की एक सनसनीखेज वारदात हुई। भारतीय मूल की अमेरिकी नागरिक कुमारी वर्मन अपनी बहन के बेटे की शादी में शामिल होने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट जा रही थीं। वह अपने रिश्तेदारों के साथ कार में सवार थीं, तभी स्कूटी सवार दो लुटेरों ने उनकी कार को निशाना बनाया।
लुटेरों ने कार ड्राइवर से कहा कि गाड़ी का टायर पंक्चर है। जैसे ही ड्राइवर कार से उतरा, लुटेरों ने कार में बैठी कुमारी वर्मन का पर्स छीन लिया और फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार, पर्स में 4000 अमेरिकी डॉलर, 20 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, वीजा और पासपोर्ट रखा हुआ था। लूटी गई कुल राशि भारतीय मुद्रा में लगभग 3.5 लाख रुपये है।
कुमारी वर्मन मूल रूप से हाथरस की रहने वाली हैं और पिछले 15 वर्षों से अमेरिका के कैलिफोर्निया में रह रही हैं। वह शादी समारोह के लिए आगरा आई थीं। पुलिस ने पहले इस घटना को टप्पेबाजी मानकर हल्के में लिया, लेकिन बाद में डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
