Lucknow Airport पर कस्टम विभाग की बड़ी कार्रवाई, 6 करोड़ की Hydroponic Weed जब्त
लखनऊ के अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार को सीमा शुल्क विभाग ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया। बैंकॉक से आए एक यात्री से 6 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की उच्च गुणवत्ता वाली हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की गई है। यह कार्रवाई हवाई अड्डे पर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता को दर्शाती है और तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है।
सीमा शुल्क विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट को यात्री मेनिफेस्ट डेटा के विश्लेषण से एक संदिग्ध यात्री के बारे में सटीक खुफिया जानकारी मिली थी। बैंकॉक से फ्लाइट संख्या एफडी-146 से लखनऊ पहुंचे इस यात्री को ग्रीन चैनल पार करने की कोशिश करते समय रोका गया। तलाशी के दौरान, उसके सामान से 7 वैक्यूम-पैक पाउच मिले। इन पाउच में हरे रंग के फूल और फलदार टॉप्स थे, जिनकी जांच में पुष्टि हुई कि यह हाइड्रोपोनिक वीड है।
तस्करों ने इस प्रतिबंधित सामग्री की गंध को छिपाने के लिए विशेष वैक्यूम पैकिंग का उपयोग किया था, ताकि सुरक्षा जांच के दौरान इसका पता न चल सके। बरामद वीड की मात्रा 6.239 किलोग्राम थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 6.23 करोड़ रुपये आंकी गई है।
सीमा शुल्क विभाग ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रतिबंधित सामग्री को जब्त कर लिया है। आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है और न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
