Lucknow news: नाबालिग दोस्तों ने सिगरेट पिलाकर बनाया वीडियो, लाखों के जेवर ऐंठे, ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज
लखनऊ में ब्लैकमेलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 16 वर्षीय किशोर को उसके ही दोस्तों ने सिगरेट पिलाकर वीडियो बनाया और फिर लाखों रुपये के जेवर ऐंठ लिए। यह घटना तब सामने आई जब पीड़ित के परिवार ने एक शादी समारोह में जाने के लिए घर का लॉकर खोला और उसमें रखे कीमती जेवर गायब पाए। परिवार के पूछने पर किशोर ने रोते हुए पूरी आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पीड़ित किशोर के मुताबिक, उसके दो नाबालिग दोस्तों ने उसे सिगरेट पीने के लिए उकसाया और उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद उन्होंने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वे उसे पार्क में बुलाकर प्रताड़ित करते थे और थप्पड़ भी मारते थे। बदनामी के डर से किशोर ने दोस्तों की मांग पूरी करना शुरू कर दिया।
ब्लैकमेलिंग के चलते किशोर ने डरकर घर की अलमारी से लाखों रुपये के जेवर और नकदी निकालकर दोस्तों को दे दी। इस साजिश में दोनों नाबालिगों के माता-पिता और एक रिश्तेदार भी शामिल थे। जब पीड़ित परिवार ने आरोपियों के घर जाकर बात की, तो उन्होंने जेवर हड़पने की बात स्वीकार की, लेकिन उन्हें वापस करने से इनकार कर दिया।
पीड़ित की मां की शिकायत पर तालकटोरा पुलिस ने दोनों नाबालिग दोस्तों, उनके माता-पिता और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मानसिक रोग विशेषज्ञों का कहना है कि किशोरावस्था में बदनामी का डर बच्चों को ब्लैकमेलिंग का शिकार बना देता है, जिससे वे तनाव और घबराहट में आ जाते हैं। ऐसे मामलों में परिवार को बच्चों का साथ देना चाहिए।
