Lucknow Road Accident: ट्रक की टक्कर से बुआ-भतीजे की मौत, गंगासागर यात्रा पर जाने से पहले हुआ हादसा
लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कानपुर रोड पर सैनिक स्कूल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार बुआ और उनके भतीजे की मौत हो गई। महिला का भाई गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।
गंगासागर यात्रा पर जाने की थी तैयारी
आशियाना के सेक्टर-एम बिरहाना खेड़ा निवासी कपूर कली चौरसिया (52) अपने भाई विजयपाल चौरसिया (40) और भतीजे अंश (13) के साथ बाइक से सरोजनीनगर स्थित बेटे अमित चौरसिया के घर जा रही थीं। परिवार के सदस्य कानपुर से गंगासागर यात्रा के लिए ट्रेन पकड़ने की तैयारी में थे। दोपहर करीब 1:30 बजे जब वे कानपुर रोड पर सैनिक स्कूल के गेट के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिर गए। ट्रक कपूर कली को कुचलते हुए निकल गया।
इलाज के दौरान भतीजे ने तोड़ा दम
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को सरोजनीनगर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कपूर कली को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अंश और विजयपाल को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान अंश ने भी दम तोड़ दिया। विजयपाल की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने ट्रक चालक को स्कूटर इंडिया चौराहे के पास पकड़ लिया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
