लखनऊ में DM ने रैन बसेरों का किया निरीक्षण, दिए ये निर्देश | Lucknow news
लखनऊ में कड़ाके की ठंड के बीच जिलाधिकारी विशाख जी ने निराश्रित लोगों को राहत देने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने डालीगंज, सीतापुर रोड और मोहिबुल्लापुर जैसे इलाकों का दौरा किया, जहां उन्होंने खुले में सो रहे जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। डीएम ने इन लोगों को रैन बसेरों में ठहरने के लिए भी प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डालीगंज और पल्टन छावनी स्थित रैन बसेरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पल्टन छावनी रैन बसेरे में महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं पाई गईं। यहां कुल 75 बेड की क्षमता के सापेक्ष 65 लोग आवासित थे। डीएम ने रैन बसेरे में अलाव, हीटर, स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल, बिस्तर और न्यूनतम मूल्य पर भोजन उपलब्ध कराने वाली कैंटीन की व्यवस्था को संतोषजनक पाया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी रैन बसेरों में आवश्यक सुविधाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने नगर के प्रमुख स्थानों पर अलाव की समुचित व्यवस्था करने और रात्रिकालीन गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।
