Lucknow Crime News: रंजिश में दबंगों ने व्यक्ति पर चढ़ाई कार, हालत गंभीर
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के हरिहरपुर निलमथा गांव में दबंगों ने पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर अपनी कार चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया। इस हमले में पीड़ित माता प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
यह घटना 4 मार्च को हुई, जब गांव का ही विशाल रावत उर्फ नौमी लाल अपने साथियों अजय, शुभम, शबनी और शिवम के साथ पीड़ित के पास पहुंचा। आरोप है कि विशाल ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जब माता प्रसाद ने विरोध किया, तो नौमी ने अपनी कार लाकर उन पर चढ़ा दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल माता प्रसाद को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित की बेटी की तहरीर पर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी नौमी लाल को पिछले वर्ष गुंडागर्दी के मामले में जिला बदर भी किया जा चुका है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।
