लखनऊ में पति ने कुल्हाड़ी से की पत्नी की हत्या, बेटा लौटा तो देखा खून से लथपथ शव; आरोपी फरार (Lucknow crime news)
लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र के शेखन खेड़ा गांव में रविवार देर रात एक मजदूर ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति राजेश रावत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, राजेश रावत अपनी पत्नी राजेश्वरी (46) और बच्चों के साथ ससुराल शेखन खेड़ा में ही रह रहा था। रविवार की रात घर के सभी सदस्य पड़ोसी बलराम के बेटे की शादी में गए हुए थे। इसी दौरान घर में पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया, जो इतना बढ़ गया कि राजेश ने गुस्से में आकर पत्नी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण राजेश्वरी की मौके पर ही मौत हो गई।
कुछ देर बाद जब बड़ा बेटा गुलशन शादी समारोह से लौटा तो उसने चारपाई पर मां के केवल पैर दिखाई दिए, पूरा शरीर कपड़ों से ढका हुआ था। कपड़े हटाने पर मां खून से लथपथ हालत में मिलीं। चेहरे और गले पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे और चारपाई पर ही कुल्हाड़ी भी पड़ी मिली। घबराए गुलशन के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
गुलशन ने पुलिस को बताया कि उसके पिता राजेश शराब के आदी थे और नशे में अक्सर घर में झगड़ा करते थे। इसी से तंग आकर राजेश्वरी ने करीब दो साल पहले अपने पैतृक गांव शेखन खेड़ा में घर बनवाकर रहना शुरू कर दिया था, लेकिन राजेश की आदत में कोई बदलाव नहीं आया। गुलशन के मुताबिक रविवार दोपहर से ही राजेश नशे में था और मां से झगड़ा कर रहा था। परिवार के समझाने पर वह कुछ देर शांत हुआ और बाहर चला गया, लेकिन शाम को परिवार के समारोह में जाने से पहले वह फिर घर लौट आया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।
