Lucknow news: पुलिसकर्मियों को सोशल मीडिया पर धमकी, महिला पर केस दर्ज हुआ केस
लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। एक महिला ने थाना इंस्पेक्टर और चौकी प्रभारी की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी भी दी। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
यह पहली बार नहीं है जब महिला ने ऐसा किया है। इससे पहले भी इसी महिला ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ ऐसी ही पोस्ट की थी, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण महिला ने दोबारा यह कृत्य किया। शिकायतकर्ता रंजीत सिंह (भाजपा महानगर सोशल मीडिया प्रभारी) के अनुसार, महिला ने होली के अवसर पर सम्मानित किए गए चौकी इंचार्ज मुन्ना लाल और थाना प्रभारी सुरेश सिंह की तस्वीरों का दुरुपयोग किया।
शिकायत में बताया गया है कि महिला ने आपत्तिजनक टिप्पणी के साथ-साथ जान से मारने की धमकी भी दी है। शिकायतकर्ता ने अपनी मां की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है, जो घर पर अकेली रहती हैं। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि आरोपी महिला हिमांशी यादव उर्फ मानसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच चल रही है।
