Kushinagar Express में AC कोच का लॉक खराब, Gorakhpur के परिवार को 1 घंटे तक रहना पड़ा कैद; UP train news
गोरखपुर से महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन जा रहे एक परिवार को कुशीनगर एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान बड़ी मुश्किल का सामना करना पड़ा। राप्ती नगर मोहल्ले के निवासी अभिषेक कुमार अपने परिवार के साथ ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच के केबिन में सवार हुए थे।
ट्रेन में सवार होने और टिकट जांच के बाद उन्होंने केबिन का दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद जब उन्हें दरवाजा खोलना पड़ा, तो लॉक जाम हो गया और दरवाजा भीतर से नहीं खुला। परिवार ने काफी कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुलने पर उनकी चिंता बढ़ गई।
यात्रियों ने तुरंत रेलवे के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया और घटना की जानकारी दी। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद रेलवे कर्मचारियों की टीम सक्रिय हुई। ट्रेन के गोंडा रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद मैकेनिकों ने दरवाजा खोलने का प्रयास शुरू किया। इस पूरी प्रक्रिया में लगभग एक घंटे से अधिक का समय लगा। दरवाजा खुलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। यह घटना रेलवे कोचों के रखरखाव पर सवाल उठाती है।
