आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर PRV की अवैध वसूली, शिकायत के बाद लौटाए 1500 रुपये | Agra news
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तैनात पुलिस रिस्पांस व्हीकल (PRV) के कर्मियों पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक से अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगा है। यह घटना टोल प्लाजा संख्या 21 के पास हुई, जहां PRV 3152 के कर्मियों ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया। चालक का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उससे 1500 रुपये की मांग की, जिसे मजबूरी में उसे देना पड़ा।
ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक आगरा से लखनऊ की ओर जा रहा था और उसमें एक इंजन रखा हुआ था। अवैध वसूली के बाद चालक ने तत्काल यूपीडा (UP Expressway Industrial Development Authority) और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मोबाइल फोन के माध्यम से शिकायत की। शिकायत का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद PRV कर्मियों ने वसूले गए 1500 रुपये चालक को वापस लौटा दिए। इस घटना ने एक्सप्रेसवे पर तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय वाहन चालकों का आरोप है कि एक्सप्रेसवे पर अक्सर कुछ PRV कर्मी जानवरों और अन्य वाहनों को लेकर भी सुविधा शुल्क की वसूली करते हैं, जिससे वाहन चालकों में रोष है।
