आगरा को नए साल का तोहफा, MSME के लिए गेम चेंजर बनेगा UP का पहला Flatted Factory कॉम्प्लेक्स
उत्तर प्रदेश सरकार राज्य की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ औद्योगिक ढांचे को आधुनिक रूप दे रही है। इसी क्रम में ताजनगरी आगरा में प्रदेश का पहला ‘फ्लैटेड फैक्ट्री’ कॉम्प्लेक्स बनकर तैयार हो रहा है। यह परियोजना सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) के लिए एक गेम-चेंजर साबित होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास किया था, जिसका निर्माण अब अंतिम चरण में है और नए साल में इसके उद्घाटन की तैयारी है।
आगरा के फाउंड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में 5 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा यह कॉम्प्लेक्स लगभग 135 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा है। इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता इसका ‘प्लग एंड प्ले’ मॉडल है। इस मॉडल के तहत, उद्यमियों को फैक्ट्री लगाने के लिए जमीन खरीदने या भवन निर्माण की लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। सरकार द्वारा बनी-बनाई फैक्ट्री (वर्कशेड) उपलब्ध कराई जाएगी, जहां उद्यमी अपनी मशीनें लगाकर तत्काल उत्पादन शुरू कर सकेंगे।
इस आधुनिक तीन मंजिला कॉम्प्लेक्स में 200 से अधिक औद्योगिक इकाइयां एक साथ संचालित हो सकेंगी। इससे गारमेंट्स, फुटवियर और हस्तशिल्प जैसे प्रदूषण मुक्त उद्योगों को बड़ी मजबूती मिलेगी। उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने बताया कि इस कॉम्प्लेक्स के शुरू होने से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 5,000 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इसमें गारमेंट्स उद्योग को प्राथमिकता दी जाएगी, साथ ही फुटवियर, आईटी इंडस्ट्री, लाइट इंजीनियरिंग, चमड़े की कटिंग और सिलाई, कढ़ाई, प्रिंटिंग और अन्य गैर-प्रदूषणकारी उद्योग भी स्थापित किए जाएंगे।
