पंजाब में 400 करोड़ का निवेश करेगी जापान की दिग्गज कंपनी, हजारों युवाओं को मिलेगी हजारों युवाओं को मिलेगी नौकरी!
राज्य में औद्योगिक विकास को बड़ा प्रोत्साहन देते हुए, जापान की अग्रणी कंपनी टॉपन स्पेशलिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड (टी.एस.एफ.) ने पंजाब सरकार के साथ अपनी विस्तार योजना के हिस्से के रूप में 400 करोड़ रुपए का निवेश करने के लिए औपचारिक समझौता किया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि टी.एस.एफ. और इन्वेस्ट पंजाब ने राज्य में एक ‘स्किल एक्सीलेंस सेंटर’ स्थापित करने के लिए साझेदारी और सहयोग पर सहमति जताई है। इस केंद्र का उद्देश्य हुनरमंद/अर्ध-हुनरमंद व्यक्तियों, कामगारों और युवाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि यह पहल उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ पंजाब में नए रोजगार अवसर भी उत्पन्न करेगी। यह साझेदारी उन आधुनिक और तकनीकी कौशलों पर भी केंद्रित है जो आज सामान्यतः उपलब्ध नहीं हैं। समझौते के तहत उद्योग और वैश्विक मानकों के अनुसार प्रशिक्षण प्रमाणन भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मान ने बताया कि यह समझौता (एमओयू) पंजाब और पूरे भारत में टी.एस.एफ. तथा अन्य बड़े उद्योगों में अप्रेंटिसशिप और रोजगार अवसरों के नए रास्ते खोलेगा। यह परियोजना किसी पॉलिटेक्निक/तकनीकी संस्थान के साथ संयुक्त रूप से प्रशिक्षण और शैक्षणिक सहयोग को भी मजबूत करेगी।
टी.एस.एफ. समूह ने पंजाब में काम करने के अपने अनुभव साझा करते हुए इसे मजबूत उद्योग-सरकार साझेदारी, आसान प्रक्रियाएँ, उच्च गुणवत्ता वाले कार्यबल की उपलब्धता, निर्बाध बिजली आपूर्ति और अनुकूल निवेश माहौल का परिणाम बताया। उन्होंने इस परियोजना के लिए आवश्यक स्वीकृतियों और संचालन प्रक्रियाओं को सरल बनाने में पंजाब सरकार से निरंतर सहयोग की उम्मीद जताई।
