IVRI बरेली ने रचा इतिहास! NAAC में मिला A++ ग्रेड, अब छात्रों के लिए खुलेगा सफलता का नया द्वार
भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आइवीआरआइ) को नैक (NAAC) के मूल्यांकन में ए-प्लस प्लस का सर्वोच्च ग्रेड मिला है। यह उपलब्धि आइसीएआर (भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद) के डीम्ड विश्वविद्यालयों में पहली बार किसी संस्थान को मिली है, जिससे आइवीआरआइ देश के शीर्ष शैक्षणिक ब्रांडों में शामिल हो गया है।
नैक की टीम ने संस्थान के समग्र प्रदर्शन, शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान में नवाचार और बुनियादी ढांचे सहित सात बिंदुओं पर गहन निरीक्षण किया था। इस मूल्यांकन में आइवीआरआइ को 3.58 का असाधारण स्कोर प्राप्त हुआ, जो इसे पांच वर्षों के लिए ए-प्लस प्लस ग्रेड की मान्यता प्रदान करता है।
इस सर्वोच्च ग्रेडिंग का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि संस्थान को शोध कार्यों के लिए सरकारी अनुदान और वित्तपोषण प्राप्त करना आसान हो जाएगा। इससे संस्थान को नए कोर्स शुरू करने, शोध की गुणवत्ता बढ़ाने और विदेशी फैकल्टी के साथ सहयोग करने में मदद मिलेगी।
संस्थान के निदेशक डा. त्रिवेणी दत्त ने बताया कि यह मूल्यांकन किसी भी उच्च शिक्षा संस्थान के लिए उत्कृष्टता का प्रमाण है। यह ग्रेडिंग संस्थान को शैक्षणिक स्वायत्तता प्रदान करती है और वैश्विक स्तर पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग के अवसर खोलती है।
यह उपलब्धि छात्रों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। ए-प्लस प्लस का दर्जा मिलना भावी छात्रों को उच्च शैक्षणिक मानकों, योग्य संकाय और बेहतर प्लेसमेंट के अवसरों का आश्वासन देता है, जिससे संस्थान में अध्ययन के लिए आकर्षण बढ़ेगा।
