दावत नहीं, मौत का जाल! जिस दोस्त पर किया भरोसा, उसने माथे पर गोली मारकर खत्म कर दी कहानी
एक दुखद घटना में, एक व्यक्ति को उसके दोस्त ने ही धोखा दिया और उसकी हत्या कर दी। दोस्त पर भरोसा करके दावत में शामिल होने वाले व्यक्ति को यह नहीं पता था कि यह उसकी अंतिम दावत होगी। आरोपी ने उसके माथे पर गोली मारकर उसकी जान ले ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बरेली में दावत खिलाने के बहाने युवक ने अपने दोस्त का बुलाकर उसकी हत्या कर दी। उसके बीच माथे में पिस्टल लगाकर गोली मारी गई। रविवार सुबह हजियापुर खजुरिया मार्ग पर पुलिया के पास उसका शव बरामद हुआ। मृतक के स्वजन ने 50 हजार रुपये के लेनदेन की वजह से हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस की प्रारंभिक जांच में अवैध संबंधों का मामला सामने आया है।
स्वजन के शिकायती पत्र के आधार पर पुलिस ने आरोपित युवक व कुछ अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। पुलिस के मुताबिक, फरीदपुर के एक मुहल्ले के रहने वाला 19 वर्षीय युवक और हत्यारोपित युवक के बीच गहरी दोस्ती थी। दोनों का एक दूसरे के घर आना जाना भी था।
करीब चार साल पहले ही मृतक युवक के हत्यारोपित युवक के परिवार की एक महिला से अवैध संबंध हो गए। जब यह बात हत्यारोपित युवक को पता चली तो उसने मृतक युवक को समझाने का भी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। शनिवार को गांव में ही एक शादी समारोह था। यह मौका देखकर हत्यारोपित युवक ने अपने दोस्त को दावत पर बुलाया।
कहा कि दोनों लोग मिलकर दावत खाएंगे। किसी भी षड्यंत्र से अंजान मृतक युवक दावत खाने के लिए चला गया। वहां पर पहले से मौजूद हत्यारोपित युवक ने अपने दोस्त को पकड़ा और अन्य साथियों के साथ पीटना शुरू कर दिया। उसे पीटते हुए वह पुलिया की तरफ ले गया। वहां पर तमंचा निकाला और बीच माथे पर गोली मार दी। उसकी हत्या के बाद सभी फरार हो गए।
सुबह मृतक युवक का शव मिला तो हड़कंप मच गया। स्वजन के शिकायती पत्र पर फरीदपुर पुलिस ने आरोपित युवक व कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। मृतक युवक के स्वजन का आरोप है कि हत्यारोपित युवक ने ही उसे फोन कर दावत को बुलाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी माथे पर गोली लगने की पुष्टि हुई है। साथ ही शरीर पर मारपीट के भी सात-आठ निशान हैं। घटना के बाद से आरोपित मौके से फरार हो गया है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
