कानपुर में परफ्यूम कारोबारी के ठिकानों पर आयकर सर्वे, ‘Kanpur IT Raid’ से मचा हड़कंप
कानपुर में एक प्रमुख परफ्यूम कारोबारी के आधा दर्जन ठिकानों पर गुरुवार को आयकर विभाग ने व्यापक सर्वे किया। यह कार्रवाई दोपहर करीब तीन बजे शुरू हुई और देर रात तक जारी रही। आयकर अधिकारियों की टीम ने कारोबारी के एक्सप्रेस रोड स्थित मुख्य कार्यालय, कैनाल रोड, हरबंश मोहाल में बने गोदाम और स्वरूप नगर सहित छह स्थानों पर एक साथ जांच की।
कारोबारी पर बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी और वित्तीय गड़बड़ियों की आशंका है। सूत्रों के अनुसार, यह कारोबारी पान मसाला उद्यमियों से भी जुड़ा हुआ है। आयकर विभाग को ऐसे साक्ष्य मिले हैं जिनमें अधिक मुनाफा होने के बावजूद कम टैक्स चुकाया गया है। इसके अलावा, खरीद-फरोख्त के लेनदेन में भी बड़े स्तर पर अनियमितताएं पाई गई हैं।
सर्वे के दौरान 30 से अधिक आयकर अधिकारियों की टीम ने कागजी दस्तावेजों के साथ-साथ कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी कब्जे में लिया। पुलिस बल की मौजूदगी में अधिकारियों ने कारोबारी और उसके कर्मचारियों से पूछताछ की। इस कार्रवाई से आसपास के व्यापारियों में अफरातफरी मच गई, कई व्यापारी नेता भी मौके पर पहुंचे लेकिन आयकर विभाग का मामला सामने आते ही वापस लौट गए।
