कानपुर पुलिस का ‘डिकॉय’ ऑपरेशन, ड्रग्स बिके तो थानेदार पर होगी कार्रवाई – Kanpur news
कानपुर में नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने सभी थानेदारों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि जल्द ही पुलिस अधिकारी ग्राहक बनकर शहर के अलग-अलग इलाकों में गांजा, अफीम और चरस खरीदने निकलेंगे। यदि किसी भी थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ आसानी से उपलब्ध हुए, तो संबंधित थानेदार पर सीधी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने क्राइम मीटिंग के दौरान सभी थानेदारों को ‘डिकॉय’ ऑपरेशन की चेतावनी दी। पुलिस की भाषा में ‘डिकॉय’ का अर्थ होता है अपने आदमी को भेजकर वस्तुस्थिति का पता लगाना। यह अभियान एक सप्ताह तक चलेगा, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारी खुद ग्राहक बनकर जमीनी हकीकत की जांच करेंगे।
यह सख्त कदम हाल ही में चार पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद उठाया गया है। जांच में सामने आया था कि इन पुलिसकर्मियों की मिलीभगत के कारण उनके क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री हो रही थी। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि नशे के सौदागरों से किसी भी तरह की मिलीभगत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री तुरंत बंद कराने का अल्टीमेटम दिया है।
