पैरालिसिस से जूझ रहे किसान की जिंदा जलकर मौत, ठंड से बचने के लिए जलाई आग बनी काल
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। साढ़ थाना क्षेत्र के उमरी गांव में 55 वर्षीय किसान रज्जन शर्मा की जिंदा जलकर मौत हो गई। रज्जन शर्मा अविवाहित थे और उन्हें चार दिन पहले ही पैरालिसिस का अटैक पड़ा था। इस कारण वह उठने-बैठने और चलने-फिरने में असमर्थ थे।
बुधवार की रात वह ट्यूबवेल पर अपनी चारपाई पर लेटे थे। ठंड से बचने के लिए उनके साथी किसानों ने पास में लकड़ियों का अलाव जलाया था। साथी किसानों के जाने के बाद रात के अंधेरे में अलाव से निकली एक चिंगारी उनकी चारपाई तक पहुंच गई। पैरालिसिस के कारण रज्जन शर्मा चाहकर भी खुद को बचा नहीं पाए और आग की चपेट में आ गए।
देर रात जब ग्रामीणों ने ट्यूबवेल से धुआं उठता देखा, तो वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि रज्जन शर्मा की चारपाई जल चुकी थी और उनकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
