कर्ज और अवसाद ने ली जान! कानपुर में रेस्टोरेंट संचालक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
कानपुर में एक रेस्टोरेंट मालिक ने कर्ज से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आर्यनगर निवासी 54 वर्षीय आशीष अग्रवाल माल रोड पर ‘आमची मुंबई’ नाम से रेस्टोरेंट चलाते थे। देर रात उन्होंने अपने घर के स्टोर रूम में फंदा लगाकर जान दे दी। उनके परिवार में पत्नी रुचि और दो बेटियां खुशी और महक हैं।
स्वजन ने बताया कि करीब ढाई साल पहले उनकी मां उषा अग्रवाल का निधन हो गया था। मां से ज्यादा लगाव होने के कारण उनकी मौत के बाद से ही आशीष अवसाद में रहते थे। रेस्टोरेंट चलाने में हुए नुकसान और कर्ज के बोझ से भी वह तंग आ चुके थे।
कोहना थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि रेस्टोरेंट संचालक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में कर्ज होने का जिक्र है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, उन्होंने कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या की है। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
