हाईकोर्ट की फटकार का असर: UP Police ने बिना गोली चलाए इनामी गैंगस्टर को पकड़ा
उत्तर प्रदेश पुलिस के ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ यानी अपराधियों के पैर में गोली मारकर गिरफ्तारी दिखाने के चलन पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की फटकार का असर दिखने लगा है। हाईकोर्ट ने पिछले हफ्ते पुलिस अधिकारियों को अनावश्यक रूप से मुठभेड़ दिखाने के लिए फटकार लगाई थी। इसके बाद गोंडा जिले में यूपी पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने 50 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को बिना एक गोली चलाए ही गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ की लखनऊ टीम ने गोंडा के कटरा रेलवे स्टेशन के सामने से आकाश यादव को गिरफ्तार किया है। धानेपुर इलाके के डेबरी कला पंचायत निवासी आकाश यादव पर 2025 में गैंगस्टर एक्ट का केस दर्ज हुआ था। तब से वह फरार चल रहा था। आकाश को पकड़ने के लिए आईजी ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। गोंडा के अलग-अलग थानों में आकाश पर लूटपाट और दूसरी आपराधिक धाराओं में 6 मुकदमे दर्ज हैं।
हाईकोर्ट ने पुलिस के इस चलन पर कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा था कि पुलिसकर्मी प्रमोशन और शोहरत के लिए अनावश्यक रूप से पैर में गोली मारकर मुठभेड़ दिखा रहे हैं। इस टिप्पणी के बाद पुलिस के तौर-तरीकों में यह बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक आकाश यादव के गैंग में सुमित तिवारी, संदीप मौर्या, आदित्य कश्यप, हरतू कश्यप भी शामिल हैं। आकाश यादव पर दर्ज मुकदमों में कम से कम दो मामले ऐसे हैं, जिसमें उसने अपने शिकार की आंखों में मिर्ची का पाउडर डालकर छिनतई की घटना को अंजाम दिया। आकाश पर इस तरह के दो मुकदमे अप्रैल 2025 में एक सप्ताह के अंदर दर्ज किए गए थे। उसके निशाने पर शाम और रात में बाइक से चल रहे लोग रहते थे।
