लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में Deputy CM Brajesh Pathak ने दी सौगातें, मरीजों को मिलेगी राहत
लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्पताल के 157वें स्थापना दिवस के अवसर पर इन नई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन सुविधाओं में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए सोलर पैनल और मरीजों को एक से दूसरे तल पर ले जाने के लिए लिफ्ट शामिल हैं। इन सुधारों से अस्पताल में आने वाले लाखों मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, 650 किलोवॉट क्षमता के सोलर पैनल लगाए गए हैं। इससे हर महीने करीब 5 से 6 लाख रुपये की बिजली का उत्पादन होगा, जिससे बिजली की आपूर्ति में निरंतरता बनी रहेगी। इसके अलावा, वार्ड 11 में एक नई लिफ्ट लगाई गई है, जो मरीजों को आसानी से शिफ्ट करने में मदद करेगी। जल्द ही लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट भी चालू किया जाएगा।
गुर्दे के मरीजों के लिए डायलिसिस की सुविधा में भी बड़ा विस्तार किया गया है। डायलिसिस मशीनों की संख्या 6 से बढ़ाकर 15 कर दी गई है। पीपीपी मॉडल पर भी 14 मशीनों का संचालन हो रहा है। मशीनों की संख्या बढ़ने से अब प्रतिदिन 60 मरीजों की डायलिसिस की जा सकेगी, जबकि पहले यह संख्या 30 से 40 थी। पिछले एक साल में लगभग 20 हजार मरीजों की डायलिसिस की गई है।
अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि बलरामपुर अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2025 में ओपीडी में 10 लाख नए मरीज और 25 लाख पुराने मरीजों को मिलाकर कुल 35 लाख मरीजों को परामर्श दिया गया। इसके अलावा, पूरे साल में 43,682 मरीजों को भर्ती कर इलाज किया गया। अस्पताल में 48 लाख से अधिक पैथोलॉजी जांचें भी की गईं।
