Lucknow news: आलमबाग व्यापार मंडल के अध्यक्ष बने सोमेश मिश्र, डिप्टी सीएम ने दी बधाई
लखनऊ व्यापार मंडल ने सोमवार को ‘आलमबाग चन्दरनगर व्यापार मण्डल’ का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा ने नवगठित टीम को शपथ दिलाई। सोमेश मिश्र ने अध्यक्ष और मोहन खत्री ने वरिष्ठ महामंत्री पद की शपथ ली।
विनोद भाटिया को कोषाध्यक्ष, अभिषेक सडाना और सर्वजीत सिंह को महामंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जुगुल किशोर भवनानी और अफाक खान, उपाध्यक्ष गगन ग्रोवर, विधि मंत्री गुलशन मोहला सहित पूरी कार्यकारिणी ने अपनी जिम्मेदारी संभाली।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने व्यस्तता के बावजूद सुबह ही पहुंचकर पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सुरेश तिवारी ने व्यापारियों को अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया और संगठित होकर अपने अधिकारों की रक्षा करने का महत्व समझाया।
नवनियुक्त अध्यक्ष सोमेश मिश्र ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि संगठन हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि पार्किंग, सुरक्षा और प्रशासनिक बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कराया जाएगा। कार्यक्रम में लखनऊ व्यापार मण्डल के चेयरमैन अनिल वरमानी और राजेन्द्र कुमार अग्रवाल सहित कई व्यापारी शामिल हुए।
