धनबाद में ईडी का बड़ा एक्शन, कोयला घोटाला मामले में 16 ठिकानों पर छापेमारी
धनबाद में कोयला कारोबार से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के संदेह में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को एक बड़ा एक्शन लिया है। ईडी की टीम ने बीसीसीएल में आउटसोर्सिंग का काम करने वाली देव प्रभा कंपनी और उसके मालिक एलबी सिंह से संबंधित कुल 16 ठिकानों पर तड़के सुबह छापेमारी की। यह कार्रवाई कोयले के अवैध कारोबार, अनियमित ठेकों और धन के अवैध लेनदेन से जुड़े गंभीर आरोपों के मद्देनजर की गई है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी पिछले सात से आठ महीनों से इस मामले की निगरानी कर रहा था और मंत्रालय को भी इस संबंध में शिकायतें प्राप्त हुई थीं। प्रारंभिक जांच में बीसीसीएल के कुछ अधिकारियों और पुराने ठेकेदारों की संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है, जिससे वे भी जांच के दायरे में आ सकते हैं।
छापेमारी के दौरान, ईडी ने देव प्रभा कंपनी के विभिन्न ठिकानों से बड़ी संख्या में महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से संबंधित कागजात को अपने कब्जे में लिया है। इन दस्तावेजों से कोयला खदानों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के गहरे राज खुलने की उम्मीद है।
इस मेगा रेड से धनबाद के कोयलांचल में हड़कंप मच गया है। यह कार्रवाई कोयला कारोबार में चल रही कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार पर एक बार फिर से बड़ा सवाल खड़ा करती है। ईडी की आगे की जांच में कई बड़े खुलासे होने और कुछ उच्च अधिकारियों व ठेकेदारों की गिरफ्तारी की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय प्रशासन और कोयला उद्योग में गहमागहमी का माहौल है।
