8वें वेतन आयोग की मांग: देशभर की नर्सों का प्रदर्शन शुरू, ‘Nurses Protest’ में काला फीता बांधकर जताया विरोध
देशभर की नर्सों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ऑल इंडिया गवर्नमेंट नर्सेस फेडरेशन (AIGNF) के आह्वान पर, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों की नर्सें सोमवार से 5 फरवरी तक काला फीता बांधकर विरोध जताएंगी। यह विरोध प्रदर्शन 6 जनवरी को नई दिल्ली के जंतर मंतर पर होने वाले राष्ट्रीय स्तर के शांतिपूर्ण आंदोलन की तैयारी है।
नर्सिंग संघों का कहना है कि यह आंदोलन किसी एक राज्य या संगठन का नहीं, बल्कि देश की हर नर्स की आवाज है। उनकी प्रमुख मांगों में 8वें वेतन आयोग में नर्सिंग से जुड़ी न्यायसंगत सिफारिशों को लागू करना शामिल है। इसके अलावा, नर्सिंग कैडर की मूल संरचना की पुनः बहाली, आउटसोर्सिंग और संविदा प्रथा पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी की गई है।
नर्सों की अन्य मांगों में सुरक्षित नर्स-रोगी अनुपात सुनिश्चित करने के लिए स्टाफ की भर्ती, समान कार्य के लिए समान वेतन, पदोन्नति और करियर ग्रोथ के अवसर प्रदान करना शामिल है। साथ ही, लंबित भत्तों का भुगतान और नर्सिंग पेशे में अनावश्यक सरकारी हस्तक्षेप को समाप्त करने की मांग भी की गई है।
