सीएम नीतीश कुमार का पैतृक गांव में स्वागत: पिता को दी श्रद्धांजलि, जनता की सुनीं समस्याएं
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा पहुंचकर अपने पिता वैद्य और स्वतंत्रता सेनानी रामलखन सिंह को श्रद्धांजलि दी। वे सुबह करीब पौने दस बजे गांव पहुंचे, जहां जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले ग्राम देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की, जिसके बाद वे पिता की स्मृति स्थल कविराज राम लखन सिंह स्मृति वाटिका पहुंचे और वहां पिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने अपनी मां परमेश्वरी देवी और पत्नी मंजू सिन्हा की प्रतिमाओं पर भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इसके बाद मुख्यमंत्री अपने पैतृक घर गए, जहां उन्होंने स्वजनों, सांसद और जिले के विधायकों से मुलाकात की। उन्होंने हल्का नाश्ता और चाय का सेवन किया। इस दौरान उन्होंने कुछ लोगों की समस्याएं भी सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके तत्काल समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री करीब बीस मिनट अपने घर पर रुके और फिर भागलपुर के लिए प्रस्थान कर गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के बड़े भाई सतीश कुमार, सांसद कौशलेंद्र कुमार, हिलसा के विधायक कृष्णा मुरारी शरण, अस्थावां के विधायक डॉ. जितेन्द्र कुमार, राजगीर के विधायक कौशल किशोर, इस्लामपुर के विधायक रूहेल रंजन, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी और ललन सर्राफ सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने घर के अहाते में स्थित तालाब में मछलियों को दाना भी डाला। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस दौरान मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेन्द्र राणा, पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम, नालंदा एसपी भारत सोनी और डीडीसी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कल्याण बिगहा में कीर्तन मंडली ने भजन और निर्गुण प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
