चित्रकूट: मुंबई-हावड़ा रूट पर मालगाड़ी के दो टुकड़े, कई ट्रेनें प्रभावित; UP train news
चित्रकूट के बांसा पहाड़ रेलवे स्टेशन के पास रविवार शाम एक मालगाड़ी की कपलिंग टूटने से मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग पर हड़कंप मच गया। इस घटना से लगभग डेढ़ घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा। कई महत्वपूर्ण यात्री ट्रेनें बीच रास्ते में फंस गईं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। गनीमत रही कि मालगाड़ी की रफ्तार धीमी थी, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
यह घटना तब हुई जब सीमेंट से लदी मालगाड़ी सतना से प्रयागराज की ओर जा रही थी। बांसा पहाड़ स्टेशन से सिग्नल मिलने के बाद ट्रेन ने मानिकपुर की ओर चलना शुरू किया। कुछ ही दूरी पर कपलिंग टूट गई। इंजन आगे निकल गया, जबकि कई बोगियां ट्रैक पर ही खड़ी रह गईं। गार्ड ने तुरंत चालक को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को रोका गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और कपलिंग को ठीक करने का काम शुरू किया। इस दौरान, मुंबई मेल, रीवांचल एक्सप्रेस, छपरा-दुर्ग सारनाथ एक्सप्रेस और काशी एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। इन ट्रेनों को मानिकपुर, मारकुंडी और अन्य स्टेशनों पर रोकना पड़ा। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक को बहाल किया जा सका। रेलवे अधिकारियों ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
