UP Police Encounter: कानपुर देहात में 25 हजार के इनामी बदमाश को लगी गोली, गिरफ्तार
कानपुर देहात में पुलिस ने एक शातिर अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। यह मुठभेड़ भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के गौराडांडा मावर के पास हुई, जहां पुलिस चेकिंग कर रही थी। गिरफ्तार बदमाश की पहचान उन्नाव निवासी सुल्तान के रूप में हुई है, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात कानपुर-झांसी हाईवे पर चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर वापस मुड़ने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया और उसे दबोच लिया गया।
सुल्तान पर भोगनीपुर, रानियां और अकबरपुर सहित कई थानों में लूट, चोरी और हत्या के प्रयास के कई मामले दर्ज हैं। वह 13 मार्च को अटवा गांव में एक महिला से सोने के झाले लूटने की घटना में भी वांछित था। पूछताछ में उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और लूट में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया है।
