भाजपा से चुनाव लड़ने की गलती दोबारा नहीं कर सकती: किरण बेदी, कानपुर में बोलीं
पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल और भारत की पहली महिला आईपीएस अधिकारी किरण बेदी रविवार को कानपुर पहुंचीं। उन्होंने यहां रोटेरियन क्लब के एक कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत की। पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, “भाजपा से चुनाव लड़ने की गलती मैं दोबारा नहीं कर सकती।”
किरण बेदी ने कॉकरोच जनता पार्टी और सोनम वांगचुक के आंदोलन जैसे विषयों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “मैं इन लोगों को फॉलो नहीं करती, इसलिए इन पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगी।”
कानपुर की हवाई सेवाओं की सराहना करते हुए किरण बेदी ने कहा कि पहले उन्हें लखनऊ जाकर सड़क मार्ग से कानपुर आना पड़ता था, लेकिन इस बार दिल्ली से सीधी फ्लाइट से उनका सफर आरामदायक रहा। साइबर क्राइम के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही इससे बचा जा सकता है। उन्होंने सुरक्षा की जिम्मेदारी को व्यक्तिगत बताते हुए कहा कि चोर का काम चोरी करना है।
अपने 77वें जन्मदिन पर भारत स्किल एक्सचेंज नामक एक स्टार्टअप शुरू करने की जानकारी देते हुए किरण बेदी ने कहा कि आज के युवाओं में स्किल डेवलपमेंट की अत्यधिक आवश्यकता है और इसी दिशा में उन्होंने यह पहल की है।
इससे पहले, किरण बेदी ने केंद्र सरकार के दिल्ली जिमखाना क्लब को खाली कराने के फैसले पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने इसे अपने घर से बेदखल किए जाने जैसा महसूस होने की बात कही थी। उन्होंने बताया कि वह 14 साल की उम्र से इस क्लब से जुड़ी हैं और यह उनके लिए घर जैसा है।
