महाराष्ट्र में एफडीए की बड़ी कार्रवाई, डोमिनोज के आउटलेट समेत 11 दुकानों के लाइसेंस सस्पेंड | maharashtra news
महाराष्ट्र में नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) द्वारा राज्यभर में चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान बड़े पैमाने पर नियमों की अनदेखी पकड़ी गई, जिसके बाद सख्त कदम उठाए गए हैं। इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जांच के दौरान क्या मिलीं खामियां
एफडीए की टीमों ने विभिन्न जिलों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का अभाव, गंदे किचन और ड्रेनेज सिस्टम, जंग लगे बर्तन और रैक पाए गए। इसके अलावा, एक्सपायरी या लौटाई गई ब्रेड को नए स्टॉक में मिलाना, तापमान रिकॉर्ड न रखना और कर्मचारियों के पास अनिवार्य मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट न होना जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। कुछ स्थानों पर मिठाइयों में प्रतिबंधित और हानिकारक रंगों का इस्तेमाल भी पकड़ा गया।
इन प्रमुख जगहों पर हुई कार्रवाई
विभाग ने मुंबई में नौ प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड किए हैं, जिनमें भांडुप और बीड स्थित डोमिनोज पिज्जा के आउटलेट भी शामिल हैं। इसके अलावा मझगांव, ग्रांट रोड, बांद्रा, जोगेश्वरी, कुर्ला, घाटकोपर और गोवंडी के कई प्रसिद्ध रेस्टोरेंट और बेकरी इस कार्रवाई की चपेट में आए हैं। नवी मुंबई, नासिक और छत्रपति संभाजीनगर डिवीजनों में भी ताबड़तोड़ छापेमारी कर लगभग 38 टन संदिग्ध और घटिया खाद्य सामग्री जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत 54 लाख रुपये से अधिक है। जनता के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहने की संभावना है।
