वायु सेना के अंतरराष्ट्रीय शूटर का काला धंधा! कारतूस तस्करी में गिरफ्तार, ऐसे हुआ पर्दाफाश
भारतीय वायु सेना के एक जवान पर गंभीर आरोप लगे हैं। अंतरराष्ट्रीय शूटर और कारपोरल आमिर रिजवी को कारतूसों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह मामला तब सामने आया जब उसके साथी आहद उर्फ राजा को पुलिस ने 132 कारतूसों के साथ पकड़ा। आहद ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसे ये कारतूस आमिर रिजवी से मिलते थे, जो उन्हें शूटिंग रेंज से चोरी करता था।
आमिर रिजवी की तैनाती हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पर है और वह दिल्ली के तुगलकाबाद शूटिंग रेंज में अभ्यास करता था। वह इसी दौरान कारतूसों की चोरी करता था। पुलिस के अनुसार, आमिर रिजवी लंबे समय से इस अवैध धंधे में शामिल था। वह खिलाड़ी कोटे से वायु सेना में भर्ती हुआ था। उसका साथी आहद इन कारतूसों को दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड में सप्लाई करता था।
पुलिस अब आमिर रिजवी द्वारा बेचे गए कारतूसों का रिकॉर्ड जुटा रही है ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। सीओ अभिषेक तिवारी ने बताया कि आमिर रिजवी को कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई है। इस घटना ने वायु सेना के भीतर सुरक्षा और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
