स्कूल में ‘शराबी मास्साब’ का हंगामा, बच्चों के स्वजन से भी की बदसलूकी, पुलिस को सौंपा गया
मेरठ के माछरा ब्लाक के गांव पसवाड़ा स्थित प्राइमरी विद्यालय नंबर-2 में शनिवार को शिक्षक हंसवीर ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। शिक्षक स्कूल टाइम से देरी से पहुंचा और नशे की हालत में था। प्रधानाध्यापिका बीएलओ ड्यूटी पर थीं, जिसका फायदा उठाकर शिक्षक ने हंगामा शुरू कर दिया।
जब बच्चों के अभिभावक स्कूल पहुंचे, तो शिक्षक ने उनसे भी अभद्रता की। बीच-बचाव के लिए आईं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी उसने नहीं बख्शा। हंगामा बढ़ता देख ग्रामीणों ने शिक्षक को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने सीएचसी में शिक्षक का मेडिकल कराया, जिसमें शराब की पुष्टि हुई। बाद में उसे नोटिस देकर स्वजन को सौंप दिया गया।
यह भी सामने आया है कि शिक्षक हंसवीर का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी वह नबीपुर गांव स्थित विद्यालय में इसी तरह का व्यवहार करता था, जिसके चलते उसे सस्पेंड कर दिया गया था। सस्पेंशन के बाद उसकी तैनाती पसवाड़ा में हुई थी। प्रधानाध्यापिका ने इस पूरे प्रकरण की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। बीएसए मेरठ ने भी मामले का खंड शिक्षा अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
