बिहार के रजनीकांत को मिली बड़ी जिम्मेदारी, यूपीसीए के स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग ट्रेनर नियुक्त
बिहार के होनहार क्रिकेट प्रशिक्षक रजनीकांत को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा आयोजित अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी एवं अंडर-14 राज डुंगरपुर ट्रॉफी के लिए उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की टीम का स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग ट्रेनर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति बिहार और गयाजी जिले के क्रिकेट जगत के लिए गर्व का विषय है।
यह तीसरा अवसर है जब यूपीसीए ने रजनीकांत पर भरोसा जताते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पूर्व भी वे अंडर-16 और अंडर-14 वर्ग में यूपीसीए के साथ कार्य कर चुके हैं और खिलाड़ियों की फिटनेस, ताकत और प्रदर्शन में अहम भूमिका निभा चुके हैं। पिछले वर्ष उन्होंने यूपीसीए की एलिट टीम के स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच के रूप में कार्य करते हुए विजय मर्चेंट ट्रॉफी और राज डुंगरपुर ट्रॉफी जीतने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
रजनीकांत का क्रिकेट सफर भी बेहद प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने गया जिला क्रिकेट एसोसिएशन से क्रिकेट खेलते हुए अपनी पहचान बनाई और मगध विश्वविद्यालय का सात बार इंटर यूनिवर्सिटी स्तर पर प्रतिनिधित्व किया। मैदान पर खिलाड़ी के रूप में अनुभव और बाद में प्रशिक्षक के रूप में तकनीकी समझ ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
उनकी इस नियुक्ति से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी कि कड़ी मेहनत और लगन से किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है। क्रिकेट जगत के कई दिग्गजों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। सभी को विश्वास है कि उनके मार्गदर्शन में यूपी की युवा टीम शानदार प्रदर्शन करेगी और नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।
