ट्रेन हादसे में युवती की मौत, पिता ने प्रेम-प्रसंग के चलते आत्महत्या का आरोप लगाकर दर्ज कराया मुकदमा
मंगलपुर थाना क्षेत्र में मालगाड़ी की चपेट में आकर एक युवती की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। युवती के पिता ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए प्रेम-प्रसंग और अपमान के चलते आत्महत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने गांव के ही सचिन राजपूत और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
यह घटना झींझक न्यू कंचौसी रेलवे स्टेशन के मध्य अप लाइन पर अक्षय वट आश्रम के पास हुई, जहां एक युवती की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई थी। शुरू में उसकी पहचान नहीं हो पाई थी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। इसी दौरान, युवती के पिता पप्पू, जो अपनी 18 वर्षीय बेटी प्रांशी की तलाश कर रहे थे, को झींझक में शव मिलने की सूचना मिली। वहां पहुंचकर उन्होंने अपनी बेटी के रूप में शव की पहचान की।
पिता पप्पू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी प्रांशी गांव के ही सचिन राजपूत से बात करती थी। जब उन्होंने सचिन के माता-पिता से इस बारे में बात की, तो 9 जनवरी की शाम सचिन के माता-पिता, उनकी बड़ी मम्मी और विकास ने उनके घर आकर जातिसूचक गालियां दीं और अपमानित किया। इस घटना से उनकी सामाजिक छवि खराब हुई। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी इस अपमान और भद्दे बर्ताव को सहन नहीं कर सकी और उसने आत्महत्या कर ली। पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
