यूपी सरकार का बड़ा फैसला, 403 करोड़ की ‘डॉ. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना’ को मंजूरी; 10 स्मारकों का होगा विकास (UP news)
उत्तर प्रदेश में महापुरुषों की विरासत को सहेजने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार ने ‘डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना’ को स्वीकृति प्रदान कर दी है। मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस योजना को मंजूरी मिली, जिसके तहत प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में 10-10 स्मारकों का विकास किया जाएगा। इस योजना का कुल बजट 403 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है।
इस योजना के माध्यम से बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के साथ-साथ संत रविदास, कबीर, ज्योतिबा फुले और महर्षि वाल्मीकि जैसे अन्य महापुरुषों की मूर्तियों का व्यापक सौंदर्यीकरण और संरक्षण किया जाएगा। सरकार का यह फैसला आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले दलित वोट बैंक को साधने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।
योजना के तहत प्रत्येक स्मारक के विकास पर 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों में बाउंड्रीवॉल का निर्माण, छत्र लगाना, सौंदर्यीकरण, हरियाली का विकास और प्रकाश व्यवस्था शामिल है। समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने बताया कि यह पहल न केवल ऐतिहासिक धरोहरों को सुरक्षित करेगी, बल्कि उन्हें जनोपयोगी केंद्र के रूप में भी विकसित करेगी।
योजना के क्रियान्वयन के लिए आगामी 14 अप्रैल को प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधि (सांसद, विधायक, एमएलसी) जनता को योजना और चयनित स्थलों के बारे में जानकारी देंगे। सरकार का उद्देश्य इन स्मारकों को केवल प्रतीकात्मक स्थान न बनाकर, उन्हें जानकारीपरक और जन उपयोगी केंद्र के रूप में विकसित करना है, जिससे नई पीढ़ी को महापुरुषों के योगदान के बारे में जानने का अवसर मिले।
