कानपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: आज से नशे के सौदागरों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, 100 से ज्यादा स्थान चिन्हित
कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए कमर कस ली है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के निर्देश पर बुधवार से मादक पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान की कमान जेसीपी कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन टाडा को सौंपी गई है।
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शहर के कई इलाकों में चरस, गांजा, अफीम और स्मैक जैसे मादक पदार्थों की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। इन शिकायतों के आधार पर पुलिस ने शहर के 100 से अधिक स्थानों को चिन्हित किया है। इन चिन्हित स्थानों पर एक साथ छापेमारी की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान का मुख्य फोकस उन तस्करों पर है जो युवाओं को निशाना बना रहे हैं। पुलिस के अनुसार, ये सौदागर स्कूल, कॉलेज और कोचिंग सेंटरों के बाहर सक्रिय रहते हैं और युवाओं को नशे का आदी बनाकर उन्हें अपने नेटवर्क में शामिल कर लेते हैं। पुलिस ने साकेत नगर, चमनगंज, बजरिया, कर्नलगंज, चकेरी, रायपुरवा, अनवरगंज, कुली बाजार, मीरपुर कैंट, जाजमऊ, सचेंडी, काकादेव कोचिंग मंडी, कल्यानपुर और पनकी जैसे क्षेत्रों को विशेष रूप से चिन्हित किया है।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने स्पष्ट किया है कि नशे के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि यदि विभाग का कोई भी कर्मचारी इन तस्करों का मददगार पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
