अलीगढ़: भोले बाबा मिल्क प्रोडक्ट पर Income Tax का छापा, 5 साल का हिसाब-किताब खंगाल रही टीम
अलीगढ़ के खेरेश्वर इलाके में स्थित भोले बाबा मिल्क प्रोडक्ट कंपनी पर आयकर विभाग की छापेमारी दूसरे दिन भी जारी रही। आगरा और अलीगढ़ की आयकर विभाग की टीमों ने कंपनी के आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की है। अलीगढ़ में कंपनी की उत्पादन यूनिट पर मुख्य रूप से जांच चल रही है।
आयकर विभाग की टीम कंपनी के पिछले पांच सालों के खरीद-बिक्री संबंधित सभी दस्तावेजों को खंगाल रही है। इसमें दूध के उत्पादन, खरीद और दूध से बने उत्पादों जैसे देशी घी, मक्खन, क्रीम और छाछ की बिक्री का ब्योरा शामिल है। टीम यह जांच कर रही है कि कंपनी ने किन-किन फर्मों को उत्पादों की बिक्री की है और आय के मुकाबले कितना रिटर्न दाखिल किया है।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई एडवांस टैक्स लक्ष्य के सापेक्ष कम जमा होने के बाद शुरू की गई है। आयकर विभाग को शक है कि कंपनी ने अपनी आय को कम दिखाया है। जांच में खरीद-बिक्री और रिटर्न में अंतर मिलने के बाद विभाग टैक्स वसूलने की कार्रवाई करेगा। जांच के दौरान अघोषित संपत्ति और आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले भी सामने आ सकते हैं। राजनीतिक फंडिंग के दृष्टिकोण से भी टीम जांच कर रही है।
