यूपी में बेमौसम बारिश का अलर्ट: 60 जिलों में आंधी-ओलावृष्टि की चेतावनी, प्रयागराज-वाराणसी में हुई तेज बारिश
उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बेमौसम बारिश ने दस्तक दी है। दक्षिणी अफगानिस्तान और पाकिस्तान के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि शनिवार को इस विक्षोभ की तीव्रता अपने चरम पर होगी, जिसके कारण ओलावृष्टि और तेज आंधी आने की प्रबल संभावना है।
मौसम मुख्यालय ने आंधी-बारिश के लिए 60 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को प्रदेश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में बारिश हुई। प्रयागराज में सबसे अधिक 5.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिससे वहां का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री गिरकर 35.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
वाराणसी में भी हुई बारिश
प्रयागराज के अलावा, वाराणसी एयरपोर्ट पर 2.6 मिमी और वाराणसी बीएचयू में 1.6 मिमी बारिश हुई। फुरसतगंज और चुर्क में भी बूंदाबांदी दर्ज की गई। बारिश के कारण पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
पश्चिमी यूपी में गिरा पारा
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। नजीबाबाद में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री गिरकर 29.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मुजफ्फरनगर (30.8), मेरठ (32.6) और मुरादाबाद (31.5) में भी गर्मी से राहत मिली। हालांकि, इसके विपरीत, वाराणसी बीएचयू और सुलतानपुर में शुक्रवार को प्रदेश का सर्वाधिक तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
