क्रिसमस-न्यू ईयर पर Agra traffic news: ताजमहल आने वाले पर्यटकों के लिए रूट डायवर्जन लागू
आगरा में क्रिसमस और नए साल के जश्न के लिए आने वाले पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि होने की उम्मीद है। इसी को ध्यान में रखते हुए आगरा पुलिस ने ताजमहल और आगरा किला आने वाले पर्यटकों के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। भारी वाहनों (बसों) के लिए रूट डायवर्जन लागू किया गया है, जो 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक प्रभावी रहेगा। यह निर्णय पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य पर्यटकों की सुविधा और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हर साल इन छुट्टियों के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक आगरा आते हैं। इस बार भी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसी के चलते पुलिस आयुक्त ने थाना प्रभारी पर्यटन, ताज सुरक्षा, सीआईएसएफ और एएसआई के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में यातायात डायवर्जन को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए।
नए रूट डायवर्जन के तहत, दिल्ली, मथुरा और कानपुर की तरफ से आगरा आने वाले पर्यटकों की बसें और अन्य भारी वाहन कुबेरपुर से इनर रिंग रोड होते हुए रमाडा कट फतेहाबाद रोड पर उतरेंगे। यहां से ये वाहन सीधे ताजमहल पार्किंग में जा सकेंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोई भी पर्यटक वाहन वाटर वर्क्स से जीवनी मंडी होते हुए लालकिला या ताजमहल की ओर नहीं जाएगा। यह डायवर्जन व्यवस्था 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक लागू रहेगी।
