Agra News: घर से नकदी और आभूषणों पर चोरों ने किया हाथ साफ, ढाई लाख की चोरी
आगरा के पटियाली कस्बा में एक मकान से नकदी और आभूषणों की चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित रजत कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। रजत कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ गाजियाबाद में रहता है और उसके घर पर फिलहाल कोई नहीं था। घर लौटने पर उसने देखा कि सामान बिखरा पड़ा था और चोर पांच जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी का कमरबंद, चार जोड़ी चांदी के खडुआ, पुरानी चांदी, पंखे की मोटर, मिक्सर मोटर, स्टेबलाइज़र, टीवी से कॉपर कॉइल, प्लेट, पॉलीकेब वायर के बंडल, पीतल व एल्युमीनियम के बर्तन और दस हजार रुपये नकद चुरा ले गए।
इसी तरह, अमांपुर थाना क्षेत्र के गांव हुंडा शेखपुर से भी बीती रात चोर नकदी और आभूषणों से भरा बक्सा चोरी कर ले गए। पीड़ित सोनू कुरैशी ने पुलिस को बताया कि रात में आहट होने पर उसकी पत्नी ने उसे जगाया और कमरे में बक्सा गायब मिला। बक्से में नकदी और जेवरात रखे थे। पुलिस ने दोनों घटनाओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इन चोरियों से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और वे अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
